August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31  

LIVE FM

CG24 Express

Latest Online Breaking News

*कलेक्टर श्री दुदावत ने की धान खरीदी कार्य की समीक्षा* *धान खरीदी कार्य में न बरतें कोई कोताही: कलेक्टर श्री दुदावत* *धान खरीदी में अफरातफरी करने वाले कोचियों और मिलर्स के विरुद्ध होगी कड़ी कार्यवाही*

विज्ञापन बॉक्स 

*कलेक्टर श्री दुदावत ने की धान खरीदी कार्य की समीक्षा*
*धान खरीदी कार्य में न बरतें कोई कोताही: कलेक्टर श्री दुदावत*
*धान खरीदी में अफरातफरी करने वाले कोचियों और मिलर्स के विरुद्ध होगी कड़ी कार्यवाही*

कोंडागांव, 14 जनवरी 2024/कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने रविवार को धान खरीदी कार्य की समीक्षा की। जिला कार्यालय के प्रथम तल में आयोजित बैठक में उपस्थित खाद्य निरीक्षक, सहकारिता निरीक्षक, समिति प्रबंधक और नोडल अधिकारियों से कहा कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी छत्तीसगढ़ शासन की महत्वपूर्ण योजना है तथा इसके क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि धान खरीदी के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या न हो। उन्होंने कोचियों के माध्यम से आने वाले धान पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री दुदावत ने कहा कि धान खरीदी का कार्य अंतिम चरणों में है तथा आगामी दिनों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतते हुए धान खरीदी का कार्य सुगमता के साथ पूर्ण करें। उन्होंने इस दौरान सभी नोडल अधिकारियों को धान खरीदी केन्द्रों में मौजूद रहने के साथ ही धान का सत्यापन अनिवार्य तौर पर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धान खरीदी कार्य के निरीक्षण के दौरान नोडल अधिकारी के अनुपस्थित पाए जाने तथा धान के सत्यापन नहीं पाए जाने पर कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि नोडल अधिकारियों के साथ ही राजस्व अमले के द्वारा भी धान का सत्यापन किया जाएगा और इसमें किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
कलेक्टर ने कहा कि धान के अवैध परिवहन पर कड़ी निगरानी रखी जाए। धान का अवैध परिवहन करते हुए पाए जाने पर कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही मंडी अधिकारियों द्वारा किसानों के माध्यम से धान खपाने वाले कोचियों पर भी लगातार निगरानी रखी जाए और ऐसे प्रकरणों पर कड़ी कार्यवाही की जाए।
कलेक्टर ने छोटे किसानों से प्राथमिकता के साथ धान खरीदी करने के निर्देश दिए। वहीं जिन किसानों द्वारा धान विक्रय की संभावना नहीं है, उनसे रकबा समर्पण का कार्य करने के निर्देश भी दिए। धान खरीदी के दौरान नमीमापक का उपयोग अवश्य करने के निर्देश दिए। वहीं किसानों से तय मात्रा में ही धान तौलने को कहा। उन्होंने इसके साथ ही बारदानों के उपलब्धता की जानकारी भी ली।
कलेक्टर ने इसके साथ कहा कि धान खरीदी जहां कुछ ही दिन शेष हैं, वहीं अब उठाव में भी तेजी आएगी। इसके लिए उन्होंने समितियों में पर्याप्त संख्या में हमालों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे उठाव का कार्य सुगमता के साथ किया जा सके।
उल्लेखनीय है कि कोंडागांव जिले में 67 उपार्जन केन्द्रों में पंजीकृत 52 हजार 29 किसानों में से 35 हजार 749 किसानों ने 1 नवंबर से अब तक 2 लाख 8 हजार 269 मेट्रिक टन धान विक्रय कर लिया है। इनमें 95 हजार 26 मेट्रिक टन धान का उठाव किया जा चुका है।
बैठक में प्रभारी खाद्य अधिकारी श्री नवीन श्रीवास्तव, सहकारी समितियों के सहायक पंजीयक श्री केएल उइके, जिला विपणन अधिकारी श्री अभिषेक मिश्रा, जिला केन्द्रीय सहकारी बैंक के नोडल अधिकारी श्री संत कुमार कन्नौजिया उपस्थित थे।

You may have missed