
बस किराया व महंगाई में हो रही अत्यधिक वृद्धि से राहत देने सीपीआई ने सौंपा ज्ञापन
कोण्डागांव, 05 जून। बस किराया एवं महंगाई में हो रही लगातार वृद्धि से यात्रियों, किसानों, मजदूरों और आम जनता को हो रही परेशानियों के खिलाफ कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (सीपीआई) जिला परिषद कोण्डागांव ने गुरुवार को महामहिम राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ के नाम संबोधित ज्ञापन अनुविभागीय दण्डाधिकारी (एसडीएम) कोण्डागांव को सौंपा।
सीपीआई द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि आदिवासी बाहुल्य बस्तर संभाग पहले से ही आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहा है। रायपुर, बिलासपुर सहित अन्य प्रमुख शहरों तक पहुंचने के लिए यहां के लोगों के पास बस यात्रा ही मुख्य साधन है, क्योंकि रेल एवं अन्य परिवहन सुविधाएं अत्यंत सीमित हैं। ऐसे में हाल ही में बस किराए में प्रति यात्री लगभग 200 से 250 रुपये तक की वृद्धि ने आम जनता की कठिनाइयों को और बढ़ा दिया है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि खाद्य सामग्री, खाद्य तेल एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों से किसान, मजदूर और आम लोग पहले ही महंगाई की मार झेल रहे हैं। इसके बावजूद बस किराए में हुई वृद्धि जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है। इसका सीधा असर किसानों द्वारा अपने उत्पाद बाजार तक पहुंचाने, विद्यार्थियों की शिक्षा, मरीजों की चिकित्सा सेवाओं तक पहुंच तथा मजदूरों की रोजी-रोटी के लिए होने वाली आवाजाही पर पड़ रहा है।
सीपीआई ने सरकार से मांग की है कि बस्तर संभाग में बढ़ाए गए बस किराए को तत्काल वापस लिया जाए तथा महंगाई से प्रभावित किसानों और आम यात्रियों को किराए में विशेष छूट प्रदान की जाए। इसके अलावा राज्य सरकार द्वारा संचालित सस्ती बस सेवाओं का विस्तार करने, बस्तर संभाग के लिए विशेष यातायात नीति बनाने तथा भविष्य में किसी भी किराया वृद्धि से पूर्व जनप्रतिनिधियों से परामर्श लेने की मांग भी की गई है।
सीपीआई राज्य परिषद छत्तीसगढ़ के राज्य सचिव एवं बस्तर संभाग संयोजक तिलक पाण्डे के निर्देश पर जिला सचिव शैलेष के नेतृत्व में जिला सहायक सचिव दिनेश कुमार मरकाम, लक्ष्मण महावीर, दुबेश मरकाम, बिसम्बर मरकाम, मानसिंह, सोमारू गावड़े, सुधरन, सुदान, केशव सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन सौंपा।
इस अवसर पर सीपीआई नेताओं ने कहा कि यदि बस्तर संभाग की जनता की इस गंभीर समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो पार्टी जनहित में अपने संघर्ष और आंदोलन को औ
र तेज करेगी।







More Stories
*विश्व पर्यावरण दिवस पर विधायक लता उसेण्डी ने किया वृक्षारोपण, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश*
*आईआईटी चौक के पास के गुमनाम गड्ढों से आ रही भ्रष्टाचार कि बू , आदिवासी विकास शाखा का काम बना सवाल* –
संघ के सतत् संघर्षों का परिणाम नर्सिंग ऑफिसर पदनाम* – *छत्तीसगढ़ प्रदेश नर्सेस एसोसिएशन ने मंत्री जी का जताया आभार*