November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30  

LIVE FM

CG24 Express

Latest Online Breaking News

*एम्बुलेंस के लिए तरस रही जनता, दो-दो एम्बुलेंस सीएमएचओ कार्यालय में धूल खा रही – कांग्रेस* 

विज्ञापन बॉक्स 

*एम्बुलेंस के लिए तरस रही जनता, दो-दो एम्बुलेंस सीएमएचओ कार्यालय में धूल खा रही – कांग्रेस*

 

कोंडागांव।

जिला अस्पताल में गंभीर मरीजों को समय पर एम्बुलेंस सेवा न मिलने की स्थिति अब आम हो चुकी है। ऐसे में कांग्रेस ने स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की लापरवाही पर गंभीर सवाल उठाए हैं। शहर कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष नरेंद्र देवांगन ने प्रशासन पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि “जब लोग 108 एम्बुलेंस के लिए दर-दर भटक रहे हैं, तब दो अत्याधुनिक एम्बुलेंसें सीएमएचओ कार्यालय में खड़ी रहकर शोपीस बनी हुई हैं।”

 

देवांगन ने बताया कि दूरस्थ ग्रामीण अंचलों से आने वाले मरीजों को गंभीर अवस्था में रिफर किया जाता है, लेकिन 108 सेवा अनुपलब्ध होने पर मरीजों के परिजन अपनी जेब से हजारों रुपये खर्च कर निजी साधनों से इलाज के लिए रवाना होते हैं। “प्रशासन की यह चुप्पी आमजन के साथ अन्याय है,” उन्होंने कहा।

 

विधायक निधि से मिली थी सुविधा, जनता अब भी वंचित

 

कांग्रेस नेता ने बताया कि तत्कालीन विधायक मोहन मरकाम द्वारा विधायक निधि से एडवांस लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस की सौगात जिला अस्पताल को दी गई थी, ताकि गंभीर मरीजों को समय पर बेहतर इलाज मिल सके। वहीं दूसरी एम्बुलेंस रूर्बन मिशन के तहत प्राप्त हुई थी। लेकिन दुखद पहलू यह है कि दोनों एम्बुलेंसें लंबे समय से सीएमएचओ कार्यालय में खड़ी हैं और इनका कोई उपयोग नहीं किया जा रहा है।

 

प्रशासन को करना होगा जवाबदेह

 

देवांगन ने सवाल उठाया, “यदि ये एम्बुलेंसें मरीजों की सेवा के लिए हैं, तो वे कार्यालय परिसर में क्यों खड़ी हैं? क्या यह जनता की सुविधा के साथ धोखा नहीं है?” उन्होंने मांग की कि प्रशासन इन एम्बुलेंसों को तुरंत सक्रिय कर आमजन के उपयोग में लाए।

 

राजनीति नहीं, जनसेवा का सवाल

 

कांग्रेस ने साफ किया कि यह कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं है, बल्कि जनता की स्वास्थ्य सुविधा से जुड़ा गंभीर विषय है। पार्टी ने प्रशासन से त्वरित संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करने की मांग की है ताकि शासकीय संसाधनों का लाभ वंचित और जरूरतमंद लोगों तक पहुंचे।

 

> “हम सत्ता में रहें या विपक्ष में,जनता सर्वोपरि है और उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ते रहेंगे,”

– नरेंद्र देवांगन, कार्यकारी अध्यक्ष, शहर कांग्रेस कमेटी, कोंडागांव