oplus_0

नगर पंचायत केशकाल की लापरवाही से जल निकासी व्यवस्था प्रभावित, होने के कारण खराब हो रहीं सड़कें
नालियों की बदहाली, अव्यवस्थित प्लॉट कटिंग और निकासी स्थलों पर निर्माण से बार-बार बेकार हो रहा सड़क निर्माण
केशकाल। नगर में सड़क निर्माण कार्य लगातार दूसरी बार कराया जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद हालात में कोई ठोस सुधार देखने को नहीं मिल रहा है। पूर्व में भी जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़कें क्षतिग्रस्त हो चुकी थीं और वर्तमान में भी वही स्थिति दोहराई जा रही है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार बरसात के मौसम में नालियों का पानी सीधे सड़कों पर बहने लगता है, जिससे नई बनी सड़कें भी कुछ ही समय में उखड़ जाती हैं। नगर पंचायत द्वारा समय पर नालियों की सफाई नहीं कराए जाने से जलभराव की समस्या गंभीर हो जाती है, जिसका सीधा असर सड़क की गुणवत्ता पर पड़ता है।
केशकाल की सड़कें बस्तर अंचल की प्रमुख जीवनरेखा मानी जाती हैं, जिनसे होकर प्रतिदिन यात्री वाहन, मालवाहक वाहन और भारी परिवहन गुजरते हैं। सड़क खराब होने के कारण कई बार केशकाल घाट में जाम की स्थिति बन जाती है। जाम के दौरान यात्रियों को घंटों तक फंसे रहना पड़ता है। विशेष रूप से महिलाओं के लिए शौचालय की उचित व्यवस्था नहीं होने से उन्हें भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है, जिससे स्थिति और भी परेशानीपूर्ण हो जाती है।
बरसात के दौरान केशकाल घाटी क्षेत्र में भी जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से सड़कें क्षतिग्रस्त हो जाती हैं, जिससे आवागमन बाधित होता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस स्थिति के लिए नगर पंचायत के संबंधित कर्मचारियों की लापरवाही जिम्मेदार है।
टाउन प्लानिंग के नियमों के अनुसार किसी भी क्षेत्र में प्लॉट कटिंग या निर्माण कार्य से पहले अनुमति लेकर सड़क और नालियों की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करना आवश्यक होता है। इसके बावजूद नगर के कई स्थानों पर बिना नियोजन के प्लॉट कटिंग और निर्माण कार्य किए गए हैं। कुछ स्थानों पर जल निकासी के लिए निर्धारित जगहों पर भवन निर्माण तथा नालियों और पुलिया के ऊपर तक निर्माण होने की शिकायतें भी सामने आई हैं, जिससे पानी की निकासी बाधित हो रही है।
नगर पंचायत द्वारा अब तक ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने से समस्या लगातार बनी हुई है और इसका सीधा असर नगर की सड़कों व आम जनजीवन पर पड़ रहा है।






More Stories
तोकापाल कॉलेज मे पृथ्वी दिवस मनाया गया हुए विभिन्न आयोजन
केशकाल में “डाडा कप सीजन-1” का भव्य समापन, अल्टिमेट चैलेंजर्स ने 42 रनों से जीता खिताब* *फैज़ रज़ा बने प्लेयर ऑफ द सीरीज, विजेता टीम को 66,666 रुपये का पुरस्कार*
*सेजेस बड़ेराजपुर में ‘कैंसर मुक्त भारत अभियान’ के तहत शिक्षकों की कार्यशाला आयोजित*