
केशकाल पुलिस का जागरूकता अभियान
महिला अपराध, साइबर सुरक्षा व नशामुक्ति पर दी विस्तृत जानकारी
केशकाल, 18 फरवरी 2026।
जिला कोण्डागांव पुलिस द्वारा ग्रामीण अंचलों में कानून संबंधी जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में ग्राम घोड़ाझर में महिला अपराध, साइबर सुरक्षा, यातायात नियम, नवीन आपराधिक कानून एवं नशामुक्ति विषय पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा एवं एसडीओपी फरसगांव अभिनव उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना केशकाल पुलिस द्वारा संचालित किया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक विकास बघेल के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में ग्राम पंचायत प्रतिनिधि, सरपंच, पटेल, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में साइबर ठगी के नए तरीकों, ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव, ओटीपी एवं बैंकिंग जानकारी साझा न करने, संदिग्ध लिंक से दूर रहने तथा डिजिटल लेन-देन में सतर्कता बरतने की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही महिला एवं बाल अपराधों की रोकथाम, यातायात नियमों के पालन की अनिवार्यता तथा भारत सरकार द्वारा लागू किए गए तीन नए आपराधिक कानूनों की भी जानकारी साझा की गई।
नशामुक्ति अभियान के तहत नशीले पदार्थों के दुष्परिणामों और समाज पर उनके दुष्प्रभावों को लेकर ग्रामीणों को जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या ऑनलाइन धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराएं।
कार्यक्रम में पुलिस सहायता केंद्र प्रभारी सहायक उप निरीक्षक गोपाल सिंह ठाकुर सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं स्टाफ मौजूद रहे।






More Stories
केशकाल में सुरवंशी फोटो स्टूडियो में भीषण आग, पूरा सामान जलकर खाक
नगर पंचायत केशकाल की लापरवाही से जल निकासी व्यवस्था प्रभावित, होने के कारण खराब हो रहीं सड़कें
*सिलाटी में पहली बार होगा भव्य महाशिवरात्रि महोत्सव,* *तैयारियां पूरी**